मथुरा बांके बहारी के दर्शन करने पहुंचे ऊर्जा मंत्री को गोस्वामी परिवार और महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ गया। मंत्री को इस दौरान ठीक से दर्शन भी नहीं करने दिए गए। ऐसी हालात देख मंत्री भी गेट नंबर चार से होते हुए मंदिर से बाहर आ गए।
वृंदावन के श्रीबांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास गठन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शुक्रवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के मंदिर आगमन पर सेवायतों और स्थानीय महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मंदिर की महिलाएं काली पट्टी बांधकर भगवान के दर्शन के लिए पहुंचीं और नारेबाजी करते हुए मंत्री के खिलाफ विरोध जताया। विरोध के दौरान पुलिस पर महिलाओं से बदसलूकी करने के आरोप भी लगे हैं।
सीओ सदर संदीप सिंह ने महिलाओं के हाथ से काली पट्टी पर लिखे स्लोगन छीन लिए। इस बात पर एक गोस्वामी और सीओ में कहासुनी भी हो गई। सेवायतों ने भी विरोध का स्वर ऊंचा करते हुए मंदिर का पर्दा गिरा दिया। जिसके चलते मंत्री शर्मा को केवल कुछ सेकंड के लिए ही भगवान बांके बिहारी के दर्शन हो सके। उन्हें न तो प्रसाद दिया गया और न ही परंपरागत पटका पहनाया गया।