Breaking News

भाजपा सांसद लहर सिंह सिरोया ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर कोविड वैक्सीन को लेकर फर्जी बयान देने का आरोप लगाया बोले-ऐसी भ्रामक टिप्पणियों से वैज्ञानिकों का मनोबल गिरता है

बंगलूरू भाजपा सांसद लहर सिंह सिरोया ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर कोविड वैक्सीन को लेकर फर्जी बयान देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ऐसी भ्रामक टिप्पणियों से वैज्ञानिकों का मनोबल गिरता है। सिरोया ने तंज कसते हुए कहा कि फेक न्यूज पर कार्रवाई की बात करने वाली कांग्रेस सरकार को पहले अपने मुख्यमंत्री पर ही केस दर्ज करना चाहिए।

भाजपा सांसद लहर सिंह सिरोया ने शुक्रवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर कोविड वैक्सीन को लेकर झूठी खबर फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का हालिया बयान न केवल भ्रामक है, बल्कि वैज्ञानिकों के मनोबल को भी गिराता है। दरअसल, सिद्धारमैया ने हाल ही में कर्नाटक के हासन जिले में हुई अचानक हार्ट अटैक से हुई मौतों को कोविड-19 वैक्सीनेशन से जोड़ते हुए कहा था कि ये वैक्सीन जल्दबाजी में मंज़ूरी दी गई थी।

फेक न्यूज फैलाने मामले में कार्रवाई की मांग
सीएम सिद्धारमैया के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लहर सिंह सिरोया ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मुख्यमंत्री जिस रफ्तार से फर्जी बयान दे रहे हैं, उसी दर से उन पर ही फेक न्यूज फैलाने का पहला केस दर्ज हो सकता है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि कर्नाटक सरकार खुद फेक न्यूज फैलाने वालों पर सात साल की सजा और जुर्माने की बात कर रही है।

कांग्रेस हाईकमान को सिद्धारमैया पर भरोसा नहीं- सिरोया
इसके साथ ही सिरोया ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार वैज्ञानिकों के काम को नीचा दिखाने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने महामारी के समय करोड़ों लोगों की जान बचाई। उन्होंने आगे कहा कि शायद अब कांग्रेस में ऐसा कोई नहीं बचा जो सिद्धारमैया को रोके। हो सकता है खुद कांग्रेस हाईकमान को भी भरोसा न हो कि उनकी सरकार ज्यादा दिन चलेगी। इसके अलावा अंत में सिरोया ने ये भी कहा कि आखिरकार, विद्रोही गतिविधियों का कोई टीका नहीं बना है।