Tuesday , July 15 2025
Breaking News

शुभांशु शुक्ला की वापसी पर बोले पीएम मोदी ‘मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं

वॉशिंगटन भारत का बेटा शुभांशु शुक्ला 20 दिन अंतरिक्ष में और 18 दिन अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताने के बाद आज धरती पर सकुशल लौट आया है। शुंभाशु शुक्ला और क्रू के अन्य सदस्यों को लेकर ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट का कैप्सूल प्रशांत महासागर में उतरा। शुभांशु शुक्ला का यान सोमवार शाम करीब 4.45 बजे अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन से अनडॉक हुआ था।

पीएम मोदी बोले- यह गगनयान मिशन की दिशा में मील का पत्थर

पीएम मोदी ने शुभांशु शुक्ला के सकुशल धरती पर लौट आने पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया। इसमें पीएम मोदी ने लिखा ‘मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं, जो अपने ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से पृथ्वी पर लौट आए हैं। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में, उन्होंने अपने समर्पण, साहस और अग्रणी भावना से करोड़ों सपनों को प्रेरित किया है। यह हमारे अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन गगनयान की दिशा में एक और मील का पत्थर है।’

केंद्रीय मंत्री ने जताई खुशी

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के सकुशल धरती पर लौटने पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि ‘भारत ने आज अंतरिक्ष की दुनिया में एक चिरस्थायी मुकाम हासिल कर लिया है। यह भारत के लिए गर्व का पल है कि हमारा बेटा सकुशल धरती पर लौट आया है।

‘धरती पर सकुशल उतरा शुभांशु शुक्ला का यान। प्रशांत महासागर में यान सफल स्प्लैशडाउन हुआ। यान के समुद्र में उतरते ही पूरा देश खुशी से झूम उठा। इसके साथ ही शुभांशु शुक्ला ने इतिहास रच दिया। जैसे ही शुभांशु शुक्ला औऱ क्रू के अन्य सदस्यों को लेकर यान समुद्र में उतरा, देश में भावनाओं का ज्वार उमड़ पड़ा। शुभांशु के माता-पिता भावुक और गौरवान्वित होते हुए इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।