Breaking News

पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकने भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति को खत्म कर दिया: अखिलेश यादव

लखनऊ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का वोट कम हो रहा है। जनता महंगाई और बेरोजगारी के सवाल उठा रही है। ऐसे में भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार को आंबेडकर जी की प्रतिमा तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा के लोग ही आंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़ रहे हैं इसलिए वो कार्रवाई किस पर करें। यह जवाब उन्होंने प्रदेश के कई जिलों में आंबेडकर प्रतिमाएं तोड़े जाने के सवाल पर दिया। अखिलेश यादव शुक्रवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) ने भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति को खत्म कर दिया है। इसलिए अब भाजपा नफरती राजनीति पर उतर आई है। भाजपा का वोट कम हो रहा है। लोग महंगाई और बेरोजगारी के सवालों को उठा रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि मदरसों को अवैध बताकर बंद किया जा रहा है। अगर वो अवैध हैं या अवैध जमीन पर बने हैं तो पहले क्यों नहीं रोका गया। अगर नक्शा पास नहीं करवाया गया तो उसकी भी व्यवस्था है लेकिन भाजपा अपने वोट बैंक को बचाने के लिए अब नफरत की राजनीति कर रही है।