Saturday , June 14 2025
Breaking News

दिल्ली.एनसीआर में झुलसाने वाली गर्मी की मार से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, अभी कम नहीं होगी गर्मी

नई दिल्ली मौसम का बदलता मिजाज लगातार परीक्षा ले रहा है। दिल्ली-NCR में झुलसाने वाली गर्मी की मार से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पारा अभी और चढ़ेगा। प्रचंड गर्मी से राहत कब मिलेगी, मौसम विभाग ने इसकी जानकारी भी दी है।

इन दिनों उत्तर भारत के कई राज्य समेत राजधानी दिल्ली और एनसीआर में गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट को बदलकर रेड अलर्ट में तब्दील कर दिया। यानी गर्मी का कहर बढ़ सकता है। हालांकि गुरुवार रात को दिल्ली-एनसीआर में आंधी और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। इसके बावजूद शुक्रवार को तापमान 45 डिग्री रहने की संभावना है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि, दिल्ली-एनसीआर के लोगों को इस वीकेंड पर गर्मी से राहत मिल सकती है। बुधवार को न्यूनतम तापमान में मामूली कमी आई। लेकिन, नमी का स्तर बीते मंगलवार की तुलना में अधिक रहा। इसकी वजह से भले अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री रहा, लेकिन लोगों ने 50.8 डिग्री वाली गर्मी महसूस की। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री रहा। लगातार तीसरे दिन राजधानी में कुछ जगहों पर लू की स्थिति बनी रही।
मौसम विभाग का कहना है कि,दिल्ली-एनसीआर के कुछ क्षेत्रों में 14 से 17 जून तक तापमान में थोड़ी कमी आएगी। इस दौरान रात को हल्की बारिश की संभावना है। बारिश की गतिविधियां 16 और 17जून को अधिक होंगी। 14 और 16 जून को आंधी के दौरान हवाओं की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। 14 से 17 जून के बीच अधिकतम तापमान 37 से 42 और न्यूनतम 26 से 29 डिग्री तक रह सकता है।

राते होगी गर्म-बढ़ेगी उमस 
निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर का कहना है कि, दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गुरुवार-शुक्रवार को मामूली बदलाव देखने को मिल सकता हैं, लेकिन अगले 2-3 दिनों में पारा अचानक नीचे नहीं आएगा। वीकेंड तक तापमान में लगभग 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इस समय पंजाब और आस-पास के सीमावर्ती क्षेत्रों पर एक कमजोर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। आमतौर पर दिल्ली के पास बनने वाली पूर्व-पश्चिम की ट्रफ लाइन इस समय सक्रिय नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ भी बहुत कमजोर है और पर्वतीय क्षेत्रों में ही सीमित है, इसलिए यह दिल्ली और मैदानी इलाकों के मौसम पर कोई असर नहीं डाल रहा है।

हालांकि पिछले तीन दिनों में बढ़ी हुई गर्मी से प्री-मानसून गतिविधियों की संभावना को बढ़ा दिया है। लेकिन अगले 3-4 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। दिल्ली आने वाले दिनों में भी तेज गर्मी की चपेट में बनी रहेगी। हालांकि, वीकेंड तक तेज और शुष्क गर्मी थोड़ी कम हो सकती है और उसकी जगह उमस भरे हालात ले सकते हैं। वहीं, इस दौरान दिन का तापमान थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन रातें गर्म और चिपचिपी रहेंगी।

दिल्ली के मौसम में इस दिन से दिखेगा बदलाव
मौसम एजेंसियों का अनुमान है कि,  राजधानी दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 जून के आसपास है। लेकिन अभी मानसून की स्थिति को लेकर कोई भी घोषणा करना जल्दबाजी होगी। लेकिन, 14 जून को बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है, जिससे हवाओं के रुख में बदलाव होने की उम्मीद है। मानसून के आने से पहले उत्तर-पश्चिम से चलने वाली गर्म और शुष्क हवाओं की जगह, पूरब से आने वाली गर्म और नम हवाएं लेती हैं। आमतौर पर मानसून के आगमन से पहले 1-2 दिन की प्री-मानसून बारिश होती है। मौजूदा परिस्थितियों को देखकर यह कहा जा सकता है कि दिल्ली में मानसून के आने में किसी बड़ी देरी की संभावना नहीं है।