अहमदाबाद अहमदाबाद विमान हादसे में गुजरात के साबरकांठा की पायल खटीक की भी मौत हो गई। पायल लंदन में पढ़ाई करने के लिए जा रही थीं। पिता और अन्य परिजन हंसी-खुशी पायल को विदा करने एयरपोर्ट आए थे। एक घंटे बाद ही पायल की मौत की खबर सुनकर उनके होश उड़ गए।
अहमदाबाद में हुए विमान हादसे ने सैकड़ों जिंदगियां छीन लीं। वहीं सैकड़ों परिवारों के अरमान और खुशियां खाक हो गईं। इस हादसे में एक पिता और उनकी बेटी के सपने बिखर गए। बेटी पायल लंदन में पढ़ना चाहती थी। ऑटो चालक पिता ने उसके सपने को पूरा करने के लिए लोन लिया था। लेकिन हादसे में बेटी और उनके अरमान सब टूट गए।
गुजरात के सांबरकांठा के रहने वाले सुरेश खटीक की बेटी पायल भी लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान में सवार थी। हादसे में सुरेश की बेटी पायल की भी मौत हुई है। सुरेश के रिश्तेदार अशोक खटीक ने बताया कि पायल के परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। सुरेश खटीक लोडिंग रिक्शा चलाकर अपना गुजारा करते हैं। पायल छात्रों को ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का भरण-पोषण करती थी। वह एमटेक करना चाहती थी। सुरेश ने लंदन में उसकी शिक्षा का खर्च उठाने के लिए समुदाय और अन्य जगहों से ऋण लिया था।
बताया गया कि पायल खटीक उस फ्लाइट में थीं। हम सभी उन्हें फ्लाइट के लिए विदा करने गए थे। पायल ने फ्लाइट में बैठकर वीडियो कॉल भी किया था। जब हमें विमान दुर्घटना के बारे में पता चला, तो हम फिर से अहमदाबाद आए। हमारे डीएनए सैंपल लिए गए हैं।
संकेत गोस्वामी भी पढ़ने जा रहे थे लंदन
विमान में सवार एक अन्य पीड़ित संकेत गोस्वामी भी उच्च शिक्षा के लिए लंदन जा रहे थे। मेहसाणा के निवासी संकेत के परिजनों ने कहा कि संकेत भावुक था और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए लंदन जा रहा था। वह एक उत्साही लड़का था। उसकी एक छोटी बहन है।
मेस में खाना बनाने वाले लापता
अहमदाबाद के बीजे मेडिकल के यूजी मेस में खाना बनाने वाले ठाकुर रवि ने बताया कि हादसे के बाद मेरी मां सरलाबेन प्रल्हादजी ठाकुर और मेरी दो साल की बेटी अद्यारवी ठाकुर लापता हैं। मेरी मां, मेरी पत्नी और मैं यूजी छात्रों के मेस में खाना बनाते थे।