Thursday , July 31 2025
Breaking News

पीएम मोदी ने बृहदेश्वर मंदिर में की पूजा.अर्चना, कहा-140 करोड़ देशवासियों की भलाई और भारत की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की है

चेन्नई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु दौरे पर हैं और आज उनके दौरे का दूसरा दिन है। आज पीएम मोदी ने त्रिची में होटल से लेकर एयरपोर्ट तक रोड शो किया। इसके बाद पीएम मोदी हेलीकॉप्टर से अरियालुर पहुंच रहे हैं। अरियालुर में पीएम मोदी गंगईकोंडा चोलपुरम में आदि तिरुवथिरई उत्सव के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे। राजा राजेंद्र चोल प्रथम की जयंती के अवसर पर दक्षिण पूर्व एशिया में उनके ऐतिहासिक समुद्री अभियान के 1000 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आदि तिरुवथिरई उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान चोल राजाओं की विदेश नीति और व्यापारिक संबंधों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि चोल राजाओं ने श्रीलंका, मालदीव और दक्षिण-पूर्व एशिया जैसे देशों के साथ अपने राजनयिक और व्यापारिक संबंधों को काफी मजबूत किया था। उन्होंने कहा कि यह महज एक संयोग है कि मैं कल ही मालदीव से लौटा हूं और आज मुझे इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला है। पीएम मोदी ने कहा कि चोल साम्राज्य का विस्तार सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने समुद्र पार भी भारत की समृद्ध संस्कृति और ताकत को पहुंचाया। यह भारत के प्राचीन सामर्थ्य और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक है।

पीएम मोदी बोले- भगवान शिव से की देश की खुशहाली की प्रार्थना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के प्रसिद्ध बृहदेश्वर मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि भगवान बृहदेश्वर के चरणों में पूजा करने का सौभाग्य मुझे मिला। मैंने 140 करोड़ देशवासियों की भलाई और भारत की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की है। मेरी कामना है कि सभी को भगवान शिव का आशीर्वाद मिले। यह मंदिर चोल वंश की स्थापत्य कला का अद्भुत उदाहरण है और पीएम मोदी की यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक विरासत के सम्मान का प्रतीक मानी जा रही है।

पीएम मोदी ने चोल सम्राट राजेंद्र चोल प्रथम के सम्मान में जारी किया स्मृति सिक्का 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में ऐतिहासिक चोल सम्राट राजेंद्र चोल प्रथम को श्रद्धांजलि देते हुए उनके सम्मान में एक विशेष स्मृति सिक्का जारी किया। यह सिक्का सम्राट के महान योगदान और भारत के गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने के उद्देश्य से जारी किया गया है।

तमिलनाडु के चोलपुरम में पीएम मोदी का भव्य स्वागत

तमिलनाडु के गंगैकोंडा चोलपुरम पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वहां के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। स्थानीय लोग और अधिकारी प्रधानमंत्री का अभिनंदन करने के लिए मौजूद थे।

तमिलनाडु के गंगैकोंडा चोलपुरम मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महान चोल सम्राट राजेंद्र चोल प्रथम की जयंती समारोह में हिस्सा लिया। यह उत्सव आदि तिरुवाथिरै त्योहार के अवसर पर मनाया गया। पीएम मोदी ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और चोल वंश की संस्कृति और विरासत को याद किया। राजेंद्र चोल प्रथम ने चोल साम्राज्य को मजबूत बनाया और दक्षिण भारत के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान हासिल किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर में पारंपरिक विधि से पूजा की और चोल सम्राट के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। राजेंद्र चोल प्रथम को भारत के सबसे शक्तिशाली और विजयी शासकों में गिना जाता है, जिन्होंने चोल साम्राज्य को दक्षिण भारत से लेकर दक्षिण-पूर्व एशिया तक फैलाया था। गंगैकोंडा चोलपुरम मंदिर चोल वंश की शक्ति, संस्कृति और कला का प्रतीक है। प्रधानमंत्री की यह यात्रा तमिल संस्कृति और विरासत के प्रति उनके सम्मान को दर्शाती है।