लखनऊ पौधरोपण महाभियान 2025 के तहत योगी सरकार में मंत्री जिले-जिले जाकर पौधे लगाएंगे। सीएम अयोध्या और आजमगढ़ में तो राज्यपाल बाराबंकी में पौधरोपण करेंगी। इसको लेकर जनपदों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। नोडल अफसर आवंटित जनपदों में 8 जुलाई की सुबह से ही तैयारी का जायजा लेंगे।
उत्तर प्रदेश में 9 जुलाई से पौधरोपण महाभियान-2025 शुरू होने जा रहा है। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके तहत एक दिन में पूरे प्रदेश में 37 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। सभी 75 जिलों में मंत्री पौधरोपण करेंगे। इससे पहले जनपदों में शासन स्तर के अधिकारियों को नोडल अफसर बनाया गया है। ये 8 जुलाई की सुबह जिलों में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेंगे। इसको लेकर वन विभाग के अधिकारी विभिन्न विभागों, मंत्रालयों से समन्वय स्थापित कर रहे हैं।
9 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या और आजमगढ़ में पौधरोपण करेंगे। उनके साथ वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण सक्सेना, वन राज्यमंत्री केपी मलिक मौजूद रहेंगे। वहीं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बाराबंकी में पौधरोपण करेंगी। इस मौके पर राज्यमंत्री सतीश शर्मा मौजूद रहेंगे। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य- मेरठ और ब्रजेश पाठक- लखनऊ में पौधे लगाएंगे।